UPPSC प्रारंभिक परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न, डीएम-एसपी ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण

UPPSC प्रारंभिक परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न, डीएम-एसपी ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण

मैनपुरी (संवाददाता – अमन कुमार)। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित प्रवक्ता (पुरुष/महिला) राजकीय इंटर कॉलेज प्रारंभिक परीक्षा जनपद के चार परीक्षा केंद्रों पर रविवार को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी वातावरण में संपन्न हुई। परीक्षा को सकुशल कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं। सभी केंद्रों पर पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं तथा एंबुलेंस के साथ चिकित्सा दल की व्यवस्था उपलब्ध रही।

जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी एवं पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट, पुलिस अधिकारियों तथा कक्ष निरीक्षकों को सतर्कता के साथ दायित्व निभाने, परीक्षा केंद्रों के आसपास प्रभावी चेकिंग और यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के निर्देश दिए। साथ ही केंद्र व्यवस्थापकों से समन्वय बनाकर आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली। सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा तथा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी की गई।

जिला प्रशासन की सतर्कता के चलते परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा में कुंवर आर.सी. कन्या इंटर कॉलेज में 480 में से 134, पी.एम. राजकीय इंटर कॉलेज में 384 में से 96, श्री चित्रगुप्त इंटर कॉलेज में 344 में से 92 तथा सनातन धर्म इंटर कॉलेज में 480 में से 109 परीक्षार्थी उपस्थित हुए, जबकि शेष अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान डिप्टी कलेक्टर ध्रुव शुक्ला, संध्या शर्मा, उपजिलाधिकारी शिव नरेश, अंजली सिंह सहित सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Comment